देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 12 नवंबर। देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा पर मां गंगा के दिव्य तट स्थित परमार्थ निकेतन में गुजरात से आए डायमंड ग्रुप्स परिवार ने सात दिवसीय नूतन वर्ष स्नेह मिलन महोत्सव श्रद्धा, प्रेम, आत्मीयता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया। परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती के पावन सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में पांच दिवसीय दीपावली उत्सव भी मनाया गया। इसमें परिवार की चार पीढ़ियों ने एक साथ सहभागिता कर भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों और परंपराओं की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।
गुजरात की सांस्कृतिक समृद्धि और देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत का यह संगम परिवार, संस्कृति और जीवन के उच्च आदर्शों का संदेश लेकर आया। मां गंगा की निर्मल धारा के साक्षी में परिवार के वरिष्ठजनों, युवाओं, बच्चों और नन्हे बालकों ने एक साथ समय बिताया तथा आध्यात्मिक अनुभूतियों को साझा किया।
महोत्सव की सबसे विशेष बात डायमंड ग्रुप्स परिवार की चार पीढ़ियों का एक साथ उत्सव मनाना रहा। वर्तमान समय में जहां व्यस्त जीवनशैली के कारण परिवारों के बीच संवाद और साथ बिताने के अवसर कम होते जा रहे हैं, वहीं चार पीढ़ियों का एक साथ आध्यात्मिक वातावरण में समय बिताना अनुकरणीय उदाहरण बना। इस दौरान पीढ़ियों के बीच संवाद, अनुभवों का आदान-प्रदान और पारिवारिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सुंदर अवसर मिला।
इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि परिवार ही संस्कारों की प्रथम पाठशाला है और परिवार जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। धन, संपत्ति, उपलब्धियां और व्यवसाय जीवन को सुविधाएं दे सकते हैं, लेकिन प्रेम, संस्कार, सद्भाव और आत्मीयता ही जीवन को सुंदर, सार्थक और आनंदमय बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि परिवार वह प्रथम विश्वविद्यालय है, जहां बालक प्रेम की भाषा सीखता है, सम्मान का अर्थ समझता है, सेवा के संस्कार प्राप्त करता है और जीवन के मूल्यों को आत्मसात करता है। परिवार के वरिष्ठजन जीवन के सबसे मूल्यवान शिक्षक होते हैं। जब परिवार एक साथ बैठता है, प्रार्थना करता है, संवाद करता है और एक-दूसरे के सुख-दुख को साझा करता है, तब परिवार स्वयं प्रेम का तीर्थ बन जाता है।
घनश्याम भाई शंकर ने कहा कि मां गंगा के पावन तट परमार्थ निकेतन में बिताए गए ये क्षण केवल उत्सव की स्मृतियां नहीं, बल्कि जीवनभर संजोकर रखने वाली आध्यात्मिक अनुभूतियां हैं। स्वामी चिदानन्द सरस्वती के सान्निध्य में परिवारजनों ने अनुभव किया कि जीवन की सबसे सुंदर उपलब्धि अपने प्रियजनों के साथ प्रेम, कृतज्ञता और आनंद के क्षण साझा करना है।
डायमंड ग्रुप्स का यह सात दिवसीय नूतन वर्ष स्नेह मिलन महोत्सव इस बात का उदाहरण बना कि वास्तविक समृद्धि केवल आर्थिक उपलब्धियों में नहीं, बल्कि पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान, संस्कार और एकता में निहित है। गुजरात से गंगा तट तक की यह आध्यात्मिक यात्रा परिवार के लिए नई ऊर्जा, आत्मीयता और प्रेरणा का स्रोत बनी।
महोत्सव में घनश्याम भाई शंकर, दूला भाई शंकर, तुलसी भाई शंकर, निकुंज भाई शंकर, प्रियल शंकर, अश्विन भाई शंकर सहित लाठी और सूरत से आए संपूर्ण शंकर परिवार ने सहभागिता की। इस अवसर पर गुजरात से लगभग एक हजार श्रद्धालु मां गंगा के पावन तट पर पहुंचे।







0 Comments