देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 4 नवंबर 2026। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधायुक्त बनाने और बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। श्यामपुर में आयोजित सामग्री वितरण कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विधायक निधि से विधानसभा क्षेत्र के लगभग 42 आंगनबाड़ी केंद्रों को आवश्यक सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान खदरी, गढ़ी मयचक, रायवाला, प्रतीतनगर, साहब नगर, छिद्दरवाला, चक जोगीवाला, गुमानीवाला, श्यामपुर एवं भट्टोवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियों और उनके सहयोगियों को सामग्री प्रदान की गई।
वितरित सामग्री में प्लास्टिक टेबल, प्लास्टिक कुर्सियां, अलमारी, ट्रंक, वजन मशीन, एल्युमिनियम के पतीले, आठ लीटर के कुकर, प्लास्टिक हॉर्स सहित अन्य आवश्यक सामान शामिल रहा। इन संसाधनों से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही कार्यकत्रियों को भी अपने दैनिक कार्यों के संचालन में सहूलियत मिलेगी।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और संस्कारों की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य और पोषण के लिए कार्य करती हैं। ऐसे में केंद्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। इससे कार्यकत्रियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में सुविधा मिलेगी और बच्चों को बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ, शिक्षित एवं संस्कारवान होना ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। इसी सोच के साथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के साथ-साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधायुक्त बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।
कार्यक्रम में श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल, मंडल महामंत्री पंकज जुगलान, युवा मोर्चा महामंत्री कौशल बिजलवान, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा ध्यानी, मंडल महामंत्री सतपाल राणा, शोभन कैंतुरा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा राणा, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री जितेंद्र पोखरियाल, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपक जुगलान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।







0 Comments