देवभूमि जेके न्यूज़, रायवाला। लोक कल्याण समिति (रजि.), प्रतीतनगर, रायवाला की ओर से पंचम श्रीरामलीला महोत्सव का विधिवत शुभारंभ भूमि पूजन एवं ध्वज पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर आचार्य संजय सेमवाल ने समिति के पदाधिकारियों और श्रीराम भक्तों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजन संपन्न कराया। इसके पश्चात श्री हनुमान की भूमिका निभाने वाले आशीष सेमवाल ने ध्वजारोहण किया। धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही क्षेत्र में आगामी रामलीला महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल बन गया।
लोक कल्याण समिति के प्रवक्ता एवं रामलीला महोत्सव के मुख्य मंच उद्घोषक विरेन्द्र नौटियाल (वीरू) ने बताया कि समिति और श्रीराम भक्तों के सहयोग से पंचम श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन 20 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। रामलीला का मंचन राजकीय प्राथमिक विद्यालय, श्री रामलीला चौक, वार्ड नंबर 06, प्रतीतनगर, रायवाला में होगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए समिति के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस वर्ष महोत्सव में पहली बार भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा 20 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे बनखंडी महादेव मंदिर, प्रतीतनगर से प्रारंभ होकर राजकीय प्राथमिक विद्यालय, प्रतीतनगर स्थित रामलीला स्थल तक पहुंचेगी। समिति ने क्षेत्रवासियों और श्रीराम भक्तों से कलश यात्रा में सम्मिलित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रीरामलीला महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और सत्य के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महोत्सव के ध्वज की संपूर्ण व्यवस्था रामलीला के मुख्य निर्देशक महेंद्र सिंह राणा ने की।
इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष बालेन्द्र सिंह नेगी, सचिव नरेश थपलियाल, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवाड़ी, महिला कल्याण सचिव अंजू बडोला, सदस्य राम सिंह, अनीता जुगलान, ग्राम प्रधान प्रतीतनगर राजेश जुगलान, श्रीधर प्रसाद नौटियाल, नवीन चमोली, आशीष सेमवाल, नितेश सेमवाल, सौरभ चमोली, इन्द्रा थापा, गोपाल सेमवाल, सन्नी, सिकंदर सिंह, आयुष जोशी, भगवान शरण, सूरज चमोली, विजय, अर्जुन, अजय, प्रिंस, विष्णु, राज, सूर्यांश, कृष्णा, महेश, अंश, यश, समर, गौरव, जतिन, आयुष एवं रोहित धमाका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







0 Comments