देवभूमि जेके न्यूज़, ऋषिकेश। भारतीय संस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्य और उत्सवधर्मिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋषिकेश में 16 अक्टूबर, शुक्रवार को ‘आरोग्य गरबा एवं डांडिया उत्सव-2026, सीजन-2’ का आयोजन किया जाएगा। श्यामपुर नेपाली फार्म के निकट स्थित अनिल फार्म में शाम 5 बजे से आयोजित होने वाले इस उत्सव में गरबा और डांडिया के रंगों के बीच सांस्कृतिक उल्लास की छटा बिखरेगी।
आयोजकों के अनुसार, उत्सव का उद्देश्य पारंपरिक लोककलाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही लोगों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। गरबा और डांडिया केवल नृत्य की विधाएं नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता, उमंग और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी हैं। संगीत की मधुर धुनों पर होने वाले इन पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को एक मंच पर आने और उत्सव का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम संयोजक आराधना एवं अभिषेक रांगड़ ने क्षेत्रवासियों और संस्कृति प्रेमियों से उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ सामाजिक मेलजोल, आपसी सौहार्द और सामूहिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं।
अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने बताया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से क्षेत्र में लोकसंस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। ‘आरोग्य गरबा एवं डांडिया उत्सव-2026’ के दूसरे सीजन को लेकर आयोजकों में उत्साह है। 16 अक्टूबर को होने वाला यह आयोजन ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्र के संस्कृति प्रेमियों के लिए गरबा-डांडिया की पारंपरिक रंगत से रूबरू होने का अवसर बनेगा।







0 Comments