देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। जिला योजना समिति के चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी संध्या बिष्ट गोयल एवं सत्य कपरुवान ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर कांग्रेस के समस्त पार्षदों के साथ 14 निर्दलीय पार्षद भी मौजूद रहे। सभी की उपस्थिति को चुनाव में एकजुटता और मजबूत रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
पूर्व पीसीसी सदस्य संजय गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ जिला योजना समिति का चुनाव लड़ रही है। पार्टी का उद्देश्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देना है। कांग्रेस पार्षदों की एकजुटता से पार्टी को मजबूती मिली है।
कांग्रेस प्रदेश सचिव राकेश सिंह मियां ने कहा कि जिला योजना समिति स्थानीय विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कांग्रेस प्रत्याशी क्षेत्र की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे। सभी पार्षदों की सहभागिता लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
काँग्रेस पार्षददल नेता देवेंद्र कुमार प्रजापति ने कहा कि जिला योजना समिति के चुनाव में क्षेत्र के विकास, जनहित और पार्षदों की आवाज को मजबूती देना सबसे महत्वपूर्ण है। सभी पार्षदों को दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर जनता के हित में काम करना चाहिए। कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में पार्षदों की एकजुटता सकारात्मक संदेश देती है।
इस अवसर पर कांग्रेस के समस्त पार्षदों एवं 14 निर्दलीय पार्षदों की उपस्थिति रही। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि प्रत्याशी जिला योजना समिति में क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।







0 Comments