देवभूमि जेके न्यूज ,ऋषिकेश। खदरी-श्यामपुर में महिला के गले से चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश के मामले में ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दिल्ली निवासी 32 वर्षीय शिवा परमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से महिला की छीनी गई पीली धातु की टूटी हुई डिजाइनदार चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस अब उसके दूसरे साथी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे खदरी खड़क माफ, श्यामपुर निवासी इंदु चंदोला अपनी पुत्री के साथ श्रीनगर जाने के लिए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान खदरी रोड पर कुल्स जिम से पहले मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और श्यामपुर फाटक की ओर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। 8 अक्टूबर को श्यामपुर चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान गढ़ी मयचक से टी-पॉइंट होते हुए निर्मल आश्रम की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिया से पहले एक बाइक सवार पुलिस के सामने आया। पुलिस टीम को देखकर उसने अचानक मोटरसाइकिल मोड़ी और भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान शिवा परमार पुत्र बिशनलाल, निवासी गली नंबर बी-44, सुल्तानपुरी, दिल्ली, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके लोअर की दाहिनी जेब से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में रखी पीली धातु की टूटी हुई डिजाइनदार चेन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के हुलिये का घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज से मिलान किया। इसके बाद पीड़िता को मौके पर बुलाया गया, जहां उन्होंने आरोपी की पहचान चेन छीनने वाले व्यक्ति के रूप में की। बरामद चेन की भी पीड़िता ने पहचान की। इसके बाद संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई।
जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया। आरोपी के कब्जे से बरामद काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल की आगे और पीछे की नंबर प्लेट मुड़ी हुई थीं। नंबर प्लेट सीधी करने पर उसका पंजीकरण नंबर UK08AZ-7054 सामने आया। हरिद्वार पुलिस से जानकारी करने पर पता चला कि यह मोटरसाइकिल भी चोरी की है और इस संबंध में कोतवाली हरिद्वार में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी दिनेश पुत्र गोमाराम, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के साथ मिलकर 30 सितंबर को हरिद्वार के मेला अस्पताल के पास से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने चेन स्नैचिंग की घटना में भी दिनेश के साथ शामिल होने की बात बताई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला की छीनी गई टूटी हुई डिजाइनदार चेन और चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल अमित राणा, कांस्टेबल अशोक कुमार और कांस्टेबल संदीप भट्ट शामिल रहे।







0 Comments