उत्तराखंड

*ऋषिकेश में 32 वर्षिय महिला की गोली मारकर हत्या- क्षेत्र में फैली सनसनी*

देवभूमि जे के न्यूज़, ऋषिकेश, 1 फरवरी। शिवाजी नगर क्षेत्र में गली नंबर-11 में किराये पर रह रही एम्स अस्पताल की महिला सहायिका की गोली मारकर हत्या कर…


देवभूमि जे के न्यूज़, ऋषिकेश, 1 फरवरी। शिवाजी नगर क्षेत्र में गली नंबर-11 में किराये पर रह रही एम्स अस्पताल की महिला सहायिका की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया यह सामने आया है कि प्रेम संबंध, पत्नी से तलाक, पैतृक संपत्ति बेचने के बाद भी नया जीवन शुरू न कर पाने और बढ़ते मनमुटाव के चलते आरोपी ने अवसाद में आकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
कोतवाली ऋषिकेश को 31 जनवरी की रात सूचना मिली कि शिवाजी नगर में एक महिला को गोली मार दी गई है। सूचना पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां महिला मृत अवस्था में पाई गई। मृतका की पहचान प्रीति रावत के रूप में हुई, जो एम्स अस्पताल में सहायिका के पद पर कार्यरत थी और शिवाजी नगर में अकेली किराये पर रहती थी।
मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत की ओर से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर सुरेश गुप्ता के खिलाफ प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया गया। इस बाबत कोतवाली ऋषिकेश में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रेम प्रसंग से शुरू कहानी, हत्या पर खत्म

पुलिस की प्रारंभिक विवेचना और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि प्रीति रावत का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थी, जहां दोनों की मुलाकात हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गए।
जब इस प्रेम प्रसंग की जानकारी सुरेश गुप्ता के परिजनों को हुई तो उसके और उसकी पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगे। स्थानीय लोगों ने कई बार समझौते का प्रयास भी किया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। अंततः करीब चार माह पूर्व सुरेश गुप्ता ने अपनी पत्नी से आपसी सहमति से तलाक ले लिया, ताकि वह प्रीति से विवाह कर सके।
पुलिस के मुताबिक शादी से पहले प्रीति और उसके परिजनों द्वारा ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात कही गई, जिस पर सुरेश गुप्ता ने लक्सर (हरिद्वार) स्थित अपनी पैतृक संपत्ति लगभग 35 लाख रुपये में बेच दी। इसके बावजूद ऋषिकेश में उचित मकान न मिल पाने के कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा। इस स्थिति से आरोपी अवसाद में चला गया।

एसएसपी के निर्देश पर कई टीमें गठित

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली ऋषिकेश में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। बताया कि पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं पर गहन विवेचना कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.