देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 20 नवंबर। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने राह चलते व्यक्ति से करीब 1 लाख 36 हजार रुपये कीमत का महंगा मोबाइल फोन छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया Samsung Galaxy S25 Ultra मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई Honda Activa स्कूटी भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 नवंबर 2026 को विकास पुत्र गिरीश निवासी गली नंबर 13, मनसा देवी, गुमानीवाला, ऋषिकेश ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह दोपहर करीब 1:30 बजे मनसा देवी फाटक से फोन पर बात करते हुए पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो अज्ञात युवक पीछे से आए और उनके हाथ से Samsung Galaxy S25 Ultra मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। मोबाइल की कीमत करीब 1 लाख 36 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 607/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम लगातार घटनास्थल के आसपास संदिग्धों और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी की तलाश कर रही थी।
इसी क्रम में 19 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल छीनने की घटना में शामिल दो युवक मनसा देवी फाटक से नटराज की ओर जाने वाली सड़क के किनारे स्कूटी सहित खड़े हैं। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना गया Samsung Galaxy S25 Ultra मोबाइल फोन बरामद हुआ। साथ ही घटना में प्रयुक्त Honda Activa स्कूटी संख्या UK14J-3273 भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन गोड (24 वर्ष) पुत्र अंगद गोड, मूल निवासी ग्राम इन्दोली, थाना ऊभान, जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश तथा हिमांशु शर्मा (26 वर्ष) पुत्र वीरेन्द्र शर्मा, निवासी मोहल्ला धर्मकांटा, तहसील एवं थाना मीरगंज, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बापू ग्राम, आईडीपीएल, ऋषिकेश के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कविन्द्र राणा, हेड कांस्टेबल अमित राणा, कांस्टेबल संदीप भट्ट और कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महंगे मोबाइल फोन की छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और चोरी-छिनैती का सामान बरामद कर लिया गया।







0 Comments