उत्तराखंड

*चिन्यालीसौड़ में खुला ‘हिमालयन भोजनालय’, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिला स्वरोजगार का नया अवसर*

देवभूमि जे के न्यूज,चिन्यालीसौड़, 20 नवंबर। उत्तराखंड में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में…

देवभूमि जे के न्यूज,चिन्यालीसौड़, 20 नवंबर। उत्तराखंड में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की पहल रंग ला रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने रीप (ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना) के अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ विकासखंड के नगुण बैरियर के समीप स्थापित वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा इसका संचालन ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से किया जा रहा है।

उद्घाटन के अवसर पर मुख्य सचिव ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय, रोजगार और आमदनी के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों के यात्री भोजनालय में रुकते हैं। नगुण पुलिस बैरियर के समीप होने के साथ ही आसपास पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय लोग भी शाम के समय यहां पहुंचते हैं और भोजन एवं स्नैक्स का आनंद लेते हैं। इससे समूह की महिलाओं को नियमित आमदनी प्राप्त हो रही है।

महिलाओं ने मुख्य सचिव को बताया कि रीप परियोजना के सहयोग से उन्हें इस व्यवसाय को स्थापित करने में महत्वपूर्ण मदद मिली। परियोजना के माध्यम से मार्गदर्शन और सहयोग के साथ बैंक ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना उद्यम शुरू कर सकीं। अब भोजनालय को बड़े आयोजनों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भी भोजन तैयार करने के ऑर्डर मिलने लगे हैं। समूह की महिलाएं मांग के अनुसार इन ऑर्डर को पूरा कर अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं। उन्होंने सरकार और रीप परियोजना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल ने उन्हें रोजगार के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है।

इस अवसर पर रीप परियोजना के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेशभर में परियोजना के अंतर्गत इस तरह की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। इन केंद्रों को एक समान पहचान देने के लिए ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों से गुजरने वाले यात्रियों को स्थानीय एवं पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध कराने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आजीविका को मजबूत करना है। जिला प्रशासन की ओर से भी ऐसे रोजगारपरक मॉडल को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने में सहयोग किया जा रहा है।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने इस प्रकार की पहल को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.