देव भूमि जे के न्यूज,डोईवाला, 19 नवंबर। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जौलीग्रांट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। विश्वविद्यालय को टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग-2027 में विश्वभर के विश्वविद्यालयों के बीच 351-400वें स्थान के समूह में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय की वैश्विक शैक्षणिक एवं शोध क्षेत्र में पहचान और मजबूत हुई है।
टाइम्स हायर एजुकेशन ने श्मिट साइंस फेलोज के सहयोग से यह रैंकिंग जारी की है। इस रैंकिंग में उन विश्वविद्यालयों को स्थान दिया जाता है, जो विभिन्न शैक्षणिक विषयों के समन्वय से वैज्ञानिक शोध, नवाचार और नई तकनीकों को बढ़ावा देते हुए समाज एवं वैश्विक स्तर की चुनौतियों के समाधान की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में विश्वविद्यालय को मिली यह जगह शिक्षकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों एवं कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का निरंतर प्रयास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देना है, ताकि समाज की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सके।
उन्होंने कहा कि एसआरएचयू भविष्य में भी शोध की गुणवत्ता को बेहतर बनाने, नए अनुसंधान कार्यों को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा।
यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार और विभिन्न विषयों के बीच समन्वित अनुसंधान को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य ऐसे शोध कार्यों को प्रोत्साहित करना है, जो समाज और दुनिया के सामने मौजूद जटिल चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर सकें।






0 Comments