उत्तराखंड

*ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ, पिथौरागढ़ को 102.72 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात*

देवभूमि जे के न्यूज,पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में काली और गोरी नदियों के पावन संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने…

देवभूमि जे के न्यूज,पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में काली और गोरी नदियों के पावन संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की लागत वाली 24 योजनाओं का शिलान्यास तथा 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेले के सफल आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रूप से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच प्राचीन व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों के इतिहास में जौलजीबी मेले का विशेष स्थान है।

उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से सीमांत क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलती है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि जौलजीबी मेले से उनका विशेष लगाव रहा है और उन्होंने यहां की संस्कृति एवं परंपराओं को करीब से देखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भूमि पूर्वजों के त्याग, परिश्रम और संघर्ष की अमूल्य विरासत है। इसका संरक्षण और प्रदेश का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया है और सरकार इस संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सीमांत क्षेत्रों में प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और समृद्ध लोकसंस्कृति के माध्यम से युवाओं के लिए स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेले जैसे आयोजन केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और पारंपरिक संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने आत्मीय संबंध हमारी साझा विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं।

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख विकास योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, पेयजल आपूर्ति, आपदा सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों और स्वरोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों एवं स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभागीय योजनाओं तथा स्थानीय उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले की रौनक बढ़ाई।

कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी तथा भारत एवं नेपाल के नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.