“ऋषिकेश पुलिस की जांच में आया नाम, पूर्व में गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और मोबाइल सीडीआर के आधार पर हुई कार्रवाई”
देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने गांजा तस्करी के एक पुराने मामले में कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी रामअवतार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को आईडीपीएल चौकी पुलिस टीम ने गोल चक्कर आईडीपीएल के पास चेकिंग के दौरान नौरंगी लाल पुत्र देवी राम निवासी ग्राम नगला भम्बू जाट, थाना सासनी, जिला हाथरस (उत्तर प्रदेश) को मोटरसाइकिल संख्या UK07DY-8716 पर 3 किलो 95 ग्राम अवैध गांजे का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया था। इस संबंध में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 325/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी नौरंगी लाल से पूछताछ की तथा उसके मोबाइल नंबर की सीडीआर और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में रामअवतार पुत्र महेश्वर सैनी निवासी मायाकुंड ऋषिकेश, हाल निवासी गली नंबर-10, गुज्जर बस्ती श्यामपुर, ऋषिकेश का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, जांच में रामअवतार द्वारा नौरंगी लाल से गांजा मंगाए जाने की बात प्रकाश में आई।
इसके बाद 13 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए रामअवतार को धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में धारा 29 की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को 14 नवंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रामअवतार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2015, 2017, 2020, 2022, 2023, 2024 और 2026 में विभिन्न धाराओं में कुल नौ मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। इनमें अधिकांश मामले एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 से संबंधित हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह, कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल संदीप शामिल रहे।
देवभूमि जेके न्यूज, ऋषिकेश







0 Comments