देहरादून, 4 अक्टूबर 2026। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का दून पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी मीना और लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों की घटना में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने लल्लन शर्मा की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि प्रेमनगर क्षेत्र के मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव खाई में पड़ा है। सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान 38 वर्षीय मदन मुखिया पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी बोन गांव, जिला सहरसा, बिहार, हाल निवासी मांडूवाला, झाझरा, देहरादून के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए थे। घटना की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामले में मृतक के मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 214/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र के माध्यम से भी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर लल्लन शर्मा को मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान लल्लन शर्मा ने मदन मुखिया की हत्या की घटना में मृतक की पत्नी मीना के साथ शामिल होने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, लल्लन शर्मा की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से एक चाकू बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार बताया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्या के कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा एकत्र किए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






0 Comments