देवभूमि जे के न्यूज़- ऋषिकेश 1 अप्रैल चंदेश्वर नगर स्थित ज्ञान करतार निःशुल्क पब्लिक स्कूल में इस साल भी बच्चों को गर्मी की ड्रेस वितरित की गई। स्कूल की यह परंपरा सालों से चली आ रही है, जिसके तहत बच्चों को न केवल शिक्षा बल्कि पहनावे और अन्य आवश्यक सामग्री भी निःशुल्क प्रदान की जाती है।
स्कूल के संस्थापक गुरविंदर सलूजा ने बताया कि इस स्कूल की शुरुआत 2016 में मात्र 37 बच्चों के साथ की थी। आज यहां 250 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन बच्चों को किताबें, बैग और अन्य कई प्रकार की सामग्री भी नि:शुल्क दी जाती है, जिससे गरीब बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
गुरविंदर सलूजा और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती नमिता सलूजा दिल्ली से ऋषिकेश आकर निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं। उनका कहना है कि गरीब बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करना समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। उनका उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर करना भी है।
विशेष बात यह है कि यह स्कूल ऋषिकेश में ऐसा एक मात्र संस्थान है, जहां बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ पूरी तरह से निःशुल्क संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके अलावा, स्कूल से जुड़े गौशाला, चिकित्सा सेवा, आश्रम सेवा और मंदिर सेवा जैसी गतिविधियाँ भी नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।
गुरविंदर सलूजा ने कहा, “हमारा प्रयास है कि समाज के सभी गरीब बच्चों का भविष्य उज्ज्वल और सुरक्षित बनाया जाए। हम चाहते हैं कि उन्हें केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन में आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिले।”
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मानव अधिकार प्रदेश अध्यक्ष अशरफी राणावत उत्तराखंड ,
जय भट्ट प्रदेश अध्यक्ष प्रशासनिक मानव अधिकार उत्तराखंड, व संगीता बहुगुणा जिला अध्यक्ष देहरादून
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे उन्होंने कहा कि स्कूल ने कई गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएँ प्रदान कर उनकी जिंदगी बदलने में अहम भूमिका निभाई है। समाजसेवी दंपत्ति का यह प्रयास स्थानीय समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है। उन्होंने कहा कि गुरविंदर सलूजा ऋषिकेश में बहुत ही अच्छा काम कर रहे हैं जो की सराहनीय है। इस अवसर पर किरण, यशोदा,मीनू व सभी बच्चों के अभिभावक अधिकांश संख्या में उपस्थित थे।
