देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। ऋषिकेश में गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड की दुकान का शटर तोड़कर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 मोबाइल फोन, एचपी कंपनी के तीन लैपटॉप, एप्पल कंपनी का एक आईपैड और चोरी में प्रयुक्त दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले में एक अन्य आरोपी संदीप की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को शिवाजी नगर निवासी अश्वनी गुप्ता ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 नवंबर की रात करीब 2 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर उनकी गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन और एचपी कंपनी के लैपटॉप सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 585/2026 धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज का विश्लेषण करने के साथ ही पुराने अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड से संदिग्धों का मिलान किया गया।
9 नवंबर को पुलिस टीम आईडीपीएल गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल दुकान में चोरी की घटना में शामिल चार व्यक्ति दो काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों से नटराज चौक की ओर से बाईपास रोड होते हुए श्यामपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर चारों को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का अधिकांश सामान जंगल में छिपाया गया था और उसे बेचने के लिए हरिद्वार की ओर ले जाया जा रहा था। चोरी का सामान पांचों के बीच बांटा गया था। पुलिस ने आरोपी योगेंद्र उर्फ दीपक के पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग से तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और 24 मोबाइल फोन बरामद किए। अन्य बरामदगी सहित कुल 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड पुलिस ने कब्जे में लिए।
वादी की ओर से उपलब्ध कराए गए बिल और आईएमईआई नंबरों की सूची से मिलान करने पर 22 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और आईपैड चोरी के पाए गए। पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। दोनों मोटरसाइकिलों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में नितिन दास (19) निवासी मुर्गी फार्म रायवाला, अभिषेक थापा (20) निवासी प्रतीत नगर रायवाला, योगेंद्र उर्फ दीपक (26) निवासी अहबाबनगर कड़च्छ ज्वालापुर हरिद्वार और रोहन (20) निवासी अमर ज्योति स्कूल के निकट लालतप्पड़, डोईवाला शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अभिषेक थापा के विरुद्ध रायवाला थाने में वर्ष 2024 और 2025 में चोरी एवं अन्य संबंधित धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी रोहन के विरुद्ध ऋषिकेश और रायवाला थानों में वर्ष 2021 से 2025 तक चोरी से संबंधित पांच मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य राज्यों में भी आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त दो काली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें संख्या UK14 M-4271 और UK08 BE-5611 भी बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त दुकान से चोरी हुआ नीले रंग का सोनिलेक्स कंपनी का बैग भी बरामद किया गया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, एसओजी प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक अमित कुमार, राजकुमार सहित कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम के 17 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में प्रकाश में आए पांचवें आरोपी संदीप की तलाश की जा रही है।







0 Comments