देवभूमि जे के न्यूज,,ऋषिकेश, 27 अक्टूबर।** ललित कला अकादमी की 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में अपनी कलाकृति ‘प्रकृति शोषण’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाली ऋषिकेश की प्रतिभाशाली कलाकार पूजा राजपूत को विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। उन्होंने पूजा राजपूत को गुलदस्ता भेंट किया और मिष्ठान खिलाकर उनकी उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि पूजा राजपूत ने अपनी कला साधना, प्रतिभा और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है। ललित कला अकादमी की 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में उनकी कलाकृति ‘प्रकृति शोषण’ को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाना ऋषिकेश सहित पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करना उनकी कलात्मक प्रतिभा और निरंतर साधना को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पूजा राजपूत की पुरस्कृत कलाकृति ‘प्रकृति शोषण’ मानवीय गतिविधियों और प्रकृति के बीच बिगड़ते संतुलन जैसे गंभीर विषय को प्रभावशाली ढंग से सामने लाती है। कला केवल सौंदर्य की अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों को समाज तक पहुंचाने और लोगों को संवेदनशील बनाने का सशक्त माध्यम भी है। इस दृष्टि से पूजा राजपूत की उपलब्धि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी प्रेरणादायक है।
विधायक ने कहा कि पूजा राजपूत ने अपनी उपलब्धि से ऋषिकेश और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। इससे पूर्व भी वह विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और समर्पण के माध्यम से स्थानीय स्तर से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पूजा राजपूत की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं और उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से अन्य प्रतिभाओं को भी अपनी कला को निखारने, सामाजिक विषयों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति करने और बड़े मंचों तक पहुंचने की प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि पूजा राजपूत पूर्व में स्वर्गाश्रम-जोंक की ग्राम प्रधान भी रह चुकी हैं। सामाजिक जीवन से जुड़ाव और कला के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां उनके बहुआयामी योगदान को दर्शाती हैं।
इस अवसर पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, विधानसभा विस्तारक रितु मित्रा, भाजयुमो जिला मंत्री कौशल बिजलवान, मनोज राजपूत, शिवम राजपूत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






0 Comments