देवभूमि जे के न्यूज,डोईवाला। हिमालयन इंस्टिट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी) के संस्थापक डॉ. स्वामी राम का 31वां महासमाधि दिवस 13 नवंबर को जौलीग्रांट स्थित संस्थान परिसर में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम में देश-विदेश से स्वामी राम के अनुयायी एवं श्रद्धालु शामिल होंगे।
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) के अध्यक्ष एवं एचआईएचटी की अध्यक्षीय समिति के सदस्य डॉ. विजय धस्माणा ने बताया कि महासमाधि दिवस समारोह को भव्य रूप देने के लिए संस्थान की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। समारोह में हरिद्वार के निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर नैनीताल, उत्तराखंड की संस्था पहाड़ फाउंडेशन को स्वामी राम मानवता पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। संस्था को हिमालयी ज्ञान परंपरा के संवर्धन, शोध एवं साहित्य के प्रसार, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और पर्वतीय समुदायों के कल्याण के लिए चार दशकों से अधिक समय से किए जा रहे उल्लेखनीय एवं निःस्वार्थ कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है। पुरस्कार स्वरूप संस्था को गोल्ड मेडल, प्रशस्ति पत्र और 10 लाख रुपये की नगद राशि दी जाएगी।
समारोह में संस्थान के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही एचआईएचटी के वार्षिक कैलेंडर-2027 का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर दोपहर में भंडारे का आयोजन होगा।
### जनसेवा को समर्पित रहा डॉ. स्वामी राम का संपूर्ण जीवन
डॉ. स्वामी राम को संत, समाजसेवी, चिकित्सक, दार्शनिक और लेखक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मानव सेवा, योग, ध्यान और समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया।
वर्ष 1925 में पौड़ी गढ़वाल जनपद के तोली-मल्ला, बदलपुर क्षेत्र में जन्मे स्वामी राम ने किशोरावस्था में ही संन्यास की दीक्षा ले ली थी। मात्र 13 वर्ष की आयु में उन्होंने विभिन्न धार्मिक स्थलों और मठों में हिंदू एवं बौद्ध धर्म की शिक्षा देना शुरू कर दिया था। 24 वर्ष की आयु में प्रयाग, वाराणसी और लंदन से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने करवीर पीठ के शंकराचार्य पद को सुशोभित किया।
गुरु के आदेश पर वर्ष 1969 में वे पश्चिमी देशों में योग और ध्यान का संदेश पहुंचाने अमेरिका पहुंचे। वर्ष 1970 में उन्होंने शरीर और मन के संबंधों पर वैज्ञानिक परीक्षणों में भाग लिया। उनके शोध को 1973 में एनसाइक्लोपीडिया ब्रिटानिका ईयर बुक ऑफ साइंस, नेचर साइंस एनुअल तथा 1974 में वर्ल्ड बुक साइंस एनुअल में प्रकाशित किया गया।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का सपना लेकर उन्होंने वर्ष 1989 में गढ़वाल हिमालय की घाटी में हिमालयन इंस्टिट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट की स्थापना की। ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 1990 में रूरल डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट (आरडीआई) और 1994 में हिमालयन अस्पताल की स्थापना की। प्रदेश में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए वर्ष 1995 में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई।
नवंबर 1996 में डॉ. स्वामी राम ब्रह्मलीन हो गए। उनके सेवा और शिक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ट्रस्ट के अध्यक्षीय समिति के सदस्य एवं एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने संभाली।
डॉ. विजय धस्माणा के नेतृत्व में संस्थान ने चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। वर्ष 2007 में कैंसर रोगियों को आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआई) की स्थापना की गई। इसके बाद वर्ष 2013 में जौलीग्रांट में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय की स्थापना हुई, जिसके अंतर्गत जौलीग्रांट और तोली, पौड़ी में शिक्षण संस्थान संचालित किए जा रहे हैं।
डॉ. स्वामी राम के विचारों, सेवा भावना और मानव कल्याण के संकल्प को समर्पित यह महासमाधि दिवस समारोह उनके योगदान को स्मरण करने के साथ ही समाज सेवा की प्रेरणा देने वाला अवसर बनेगा।







0 Comments