देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन के दौरान शहर में जगह-जगह लगाए गए एक बैनर ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। बैनर पर वर्ष 2024 में आयोजित होने वाले एक लाइव कॉन्सर्ट कार्यक्रम की तारीख 17 नवंबर 2024 अंकित दिखाई दी। हैरानी की बात यह रही कि मुख्यमंत्री के आगमन के अवसर पर लगाए गए इन बैनरों में दो वर्ष पुरानी कार्यक्रम की तारीख दर्ज थी।
बैनर पर आशीर्वाद वाटिका, ऋषिकेश में लाइव कॉन्सर्ट आयोजन का उल्लेख किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के चित्र भी लगे हुए हैं। बैनर पर पुरानी तारीख देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
लोगों के बीच सवाल उठता रहा कि मुख्यमंत्री के आगमन जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर शहर में इस तरह के पुराने बैनर कैसे लगा दिए गए? क्या बैनर तैयार करने के दौरान तारीख की जांच नहीं की गई अथवा इन्हें लगाने से पहले संबंधित जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया? सबसे दिलचस्प बात यह रही कि मुख्यमंत्री का काफिला भी इसी मार्ग से होकर गुजरा, लेकिन पुराने वर्ष की तारीख वाले इन बैनरों पर किसी की नजर पड़ी या नहीं, यह चर्चा का विषय बना रहा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये बैनर किसके द्वारा तैयार करवाए गए और इन्हें लगाने की जिम्मेदारी किसकी थी। लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान इस तरह की चूक ने संबंधित आयोजकों और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल जरूर खड़े कर दिए।







0 Comments