देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 25 अक्टूबर।** दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने और पटाखों की बिक्री के दौरान आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में पटाखा विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लाइसेंसधारक विक्रेताओं को निर्धारित नियमों, लाइसेंस की शर्तों और अग्नि सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति बिना वैध लाइसेंस और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के पटाखों की बिक्री नहीं करेगा। सभी विक्रेताओं को लाइसेंस में निर्धारित मात्रा के अनुसार ही पटाखों का भंडारण करने तथा केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित और अनुमत स्थानों पर ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए। बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, सार्वजनिक मार्गों और प्रतिबंधित स्थानों पर पटाखों की दुकानें लगाने से बचने को कहा गया।
बैठक में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने प्रत्येक पटाखा दुकान और स्टॉल पर अग्निशमन यंत्र, पानी से भरी बाल्टियां तथा रेत या मिट्टी से भरी बाल्टियां रखने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने, बीड़ी-सिगरेट, माचिस और खुली आग का इस्तेमाल नहीं करने तथा विद्युत उपकरणों एवं वायरिंग की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस ने विक्रेताओं को यह भी निर्देश दिया कि पटाखा स्टॉल इस तरह लगाए जाएं कि आमजन के आवागमन में बाधा न हो। किसी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और राहत कार्य संचालित करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहनी चाहिए।
कोतवाली पुलिस ने सभी पटाखा विक्रेताओं से दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों, लाइसेंस की शर्तों अथवा अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।







0 Comments