देवभूमि जेके न्यूज , ऋषिकेश
दिनांक: 09 सितम्बर 2026
ऋषिकेश/मुनिकीरेती। थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के शिवपुरी में ह्युल नदी में एक व्यक्ति के बहने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना के बाद SDRF ढालवाला टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी स्थित हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत 34 वर्षीय हरीश उनियाल, पुत्र परमानंद उनियाल, निवासी चौदह बीघा, ऋषिकेश, मूल निवासी चाका गजा, थाना नरेंद्रनगर, अपने साथी बलजीत सिंह रेखी, उम्र 40 वर्ष, पुत्र नरेंद्र सिंह नेगी, निवासी आलमबाग, लखनऊ के साथ नदी में स्नान करने गए थे।
बताया गया है कि स्नान के दौरान हरीश उनियाल अचानक अपना संतुलन खो बैठे और नदी की तेज धारा में बह गए। उनके साथी बलजीत सिंह रेखी ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित पुलिस एवं राहत दल को दी।
सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला टीम आवश्यक सर्च एवं रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और नदी में लापता हरीश उनियाल की तलाश शुरू कर दी। SDRF द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटनास्थल पर SDRF, जल पुलिस, स्थानीय पुलिस एवं आपदा राहत दल मौजूद हैं। सभी टीमें संयुक्त रूप से लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं।
देवभूमि जेके न्यूज — हर हाल में, हर खबर आपके साथ।







0 Comments